(लेख) उत्तराखंड में बसंतोत्सव :  फूलदेई छम्मा देई

ख़बर शेयर करें -
उत्तराखंड में बसंतोत्सव :  फूलदेई छम्मा देई
       ~पार्थसारथि थपलियाल~
भारत हिमालय के दक्षिण और हिंदमहासागर के उत्तर में है। इस भूभाग को प्रकृति का अनुपम उपहार है कि इस देश मे 6 ऋतुएं आती हैं। इनकी शुरुआत बसंत ऋतु से होती है। सूर्य जिस दिन कुम्भ राशि मे प्रवेश करता है उस दिन सौरमास चैत्र की संक्रांति होती है। इसी दिन से बसंत ऋतु शुरू हो रही है। चैत्र और वैशाख इन दो महीनों को बसंत ऋतु कहा जाता है।
बसंत ऋतु प्रकृति का यौवन काल होता है। इस काल में पेड़ों पर नई कोंपले आ चुकी होती हैं वनस्पतियों में फूल खिल चुके होते हैं। भंवरे प्रकृति के यौवन के साथ उत्सव मनाते हैं। उत्तराखंड देवभूमि में बसंतोत्सव मादकता लिए हुए आता हैं। आमों के बौर, ढाक (टेसू) के गहरे लाल फूल, ग्वीराल, फ्यूंली के फूल, हिसर, काफल, किंनगोड़, सुराल, बुरांस, सरसों आदि दर्जनों प्रकार की वनस्पति खिलकर प्रकृति का श्रृंगार करते हैं। उत्तराखंड में चैत्र संक्रांति को “फूल संग्रान्द” कहा जाता है।  फूल संक्रांति पीछे एक पौराणिक कथा भी है। एक बार शिव जी तपस्या में बैठे तो बहुत दिनों तक तपस्या में लीन हो गए। उनको तपस्या से उठाने के लिए पार्वती जी के मन में आया कि शिवगणों को इस काम पर लगाया जाए। पार्वती जी ने उन्हें 10-11 साल का बना दिया। उनसे कहा कि सुबह सुबह बगिया से अछूत फूल (जिनपर भंवरे न मंडराए हों) लाकर शिव जी को अर्पित करो। बच्चे-बच्चियों ने ऐसा ही किया। साथ मे शिव जी से तंद्रा तोड़ने के लिए क्षमा याचना गीत गाते रहे-
फूलदेई क्षमा देई, भर भंकार तेरे द्वार आये महाराज…
शिव जी फूलों की महक से तंद्रा से बाहर आये। बच्चों को देखकर वे अति प्रसन्न हुए और मन से इस उत्सव में शामिल हुए। यह परंपरा आज भी उत्तराखंड के गांवों में है। इसके स्वरूप में लोकमंगल की भावना श्रेष्ठ है। 10-12 साल के लड़के लड़कियां सुबह सवेरे  रिंगाल बांस से बनी हुई कंडी (टोकरी) में खेतों की मेंडों पर या जंगल मे खिल रही वनस्पतियों पर खिलते फूलों को तोड़कर लाते हैं। वे अक्सर इस गीत को गुनगुनाते रहते हैं-
चला फुलारी फ़ूलों को सौंदा सौंदा फूल बिरौला
भौंरों का जूठा फूल न तोड्यां, भौंरों के जूठा फूल न लायां।।
सबसे पहले शिवालय में अर्पित करते हैं फिर गांव के प्रत्येक घर की दहलीज पर ( दहलीज के दोनों कोनों पर) अपनी कंडी (टोकरी) में से फूल निकालकर डालते हैं। प्रत्येक घर से इन बच्चों को कुछ न कुछ उपहार मिलता है। यह क्रम वैशाखी के दिन तक चलता है।  बसंत है तो मादकता है। उत्तराखंड में बसंत पंचमी से ही बसंत का आगमन शुरू हो जाता है। गाँव की चौपाल रात को सजने लगती है, सुरीले लोकगीत नव यौवनाओं के गले से संवरने लगते हैं। पूरा उत्तराखंड इन दिनों रंगबिरंगे फूलों की महक और मादकता से भर जाता है। यह प्रकृति का भी मदनोत्सव है। आंक, ढांक, ग्वीराल, फ्यूंली, वासिंग के रंग बिरंगे फूल और आम्र मंजरियाँ किसको अपनी ओर आकर्षित नही करते।   रात्रि के समय भोजन आदि से निवृत होने पर गांव की चौपाल में “थडिया और चौंफला” गीतों की धमाल होता है। भारत के अन्य क्षेत्रों की अपेक्षा उत्तराखंड में महिलाओं का सम्मान और स्वतंत्रता अधिक  है। उनकी भूमिका हर क्षेत्र में आगे रहती है। वे चौपाल में बहुत सुरीले गीतों को गाती हैं। वे गोल दायरे में दो भागों में बंटी होती है, एक दल गीत के बोल शुरू करता है तो दूसरा दल उसी सुर को नए बोलों के साथ आगे बढ़ाता है। नव विवाहिता बहुएं चैत्र मास में अपने मायके में होती हैं। इस प्रकार बहुओं के माध्यम से गीतों का संचार भी होता है। बीच बीच में ये महिलाएं स्वांग भी करती हैं। कभी डॉक्टर की वेश भूषा में, कभी थानेदार की भूमिका में… गाँव की सयानी महिलाएं इनका मार्गदर्शन भी करती हैं। इन गीतों का अंत चौंफला गीतों से होता है। चौंफला चौताला लय के गीत होते हैं। पर्वतों के शिखरों पर बसे गाँव और घाटियों में बसे गांवों की ये सुरलहरियाँ जब गूंजती हैं तो लगता है देवराज इंद्र को रिझाने स्वर्ग की अप्सराएं धरती पर आकर स्वयं यह खेल कर रही हों।  अद्भुत है उत्तराखंड की यह संस्कृति जिसमें जीव और जगत मिलकर प्रकृति के यौवन बढ़ाते हैं प्रकृति का श्रृंगार करते हैं। इस दौरान एक लोकप्रिय गीत यह भी गया जाता है-
फूलों कविलास रै मासी को फूल..
फूलों कविलास कै मैना फूल..
सच कहें उत्तराखंड के पर्वत शिखरों और घाटियों में बसे गांवों की सुरीली आवाजें रात की खामोशी को तोड़कर दिलों तक पहुँचती थी लोक पलायन के कारण अब गीत गुंजार में बहुत कमी आ गई। अब वे नन्हे नन्हे हाथ खिले फूलों की ओर नही लपकते जो किसी की देहरी की शोभा बनते, जिनमें होती सामूहिकता की भावना होती है और फूलों के माध्यम से प्रकृति का संदेश होता है- जो दे सकते हो खिलकर दे दो अन्यथा मुरझा जाओगे, झड़ जाओगे। को कुछ न कुछ उपहार मिलता है। यह क्रम वैशाखी के दिन तक चलता है।छायाचित्र सोर्स: इंटरनेट 

Related Articles

हिन्दी English