यूपी : जानिए..अमेठी में क्यों कांग्रेसी सुन रहे बापू का प्रिय भजन..रघुपति राघव राजा राम..पतित पावन सीता राम..
सी एम ओ कार्यालय गौरीगंज के सामने कांग्रेसी नेताओं ने आज से सत्याग्रह आंदोलन किया प्रारंभ..

खबर उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से है जहाँ जानकारी के अनुसार मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित संजय गांधी अस्पताल में 22 वर्षीय विवाहित महिला दिव्या शुक्ला की ऑपरेशन से पूर्व एनेस्थीसिया दिए जाने के बाद हालत बिगड़ी और इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। जिसका संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अमेठी डाक्टर अंशुमान सिंह ने पहले स्पष्टीकरण देने हेतु अस्पताल को नोटिस जारी किया। और उसी के अगले दिन अस्पताल का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया। अस्पताल को सील करते हुए उसकी ओपीडी आईपीडी सहित तमाम सेवाएं बंद कर दी गई। संजय गाँधी अस्पताल प्रशासन के ऊपर इस तरह से हुई ताबड़तोड़ कार्यवाही को लेकर कांग्रेस पार्टी में लगातार हड़कंप मचा हुआ है।आपको बता दें कि यह अस्पताल संजय गांधी मेमोरियल ट्रस्ट के द्वारा संचालित किया जाता है। इस ट्रस्ट की अध्यक्ष सोनिया गांधी और सदस्य राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी हैं। संजय गांधी अस्पताल पर इस तरह की कार्यवाही को लेकर कांग्रेस पार्टी के नेता,कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों द्वारा लागातार विरोध दर्ज कराया जा रहा है, और अस्पताल को खोलने की मांग की जा रही है।
ऐसे में कांग्रेस पार्टी के द्वारा आज से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय गौरीगंज के सामने सत्याग्रह आंदोलन प्रारंभ किया गया है। यह सत्याग्रह आंदोलन कांग्रेस पार्टी के पूर्व एमएलसी एवं नेता दीपक सिंह तथा जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनमानस का भी सहयोग प्राप्त है। बड़ी संख्या में लोग जनपद मुख्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सामने टेंट लगाकर जमीन पर बैठ कर बापू का प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन, सीताराम” सुन रहे हैं।
इन लोगों का कहना है कि जब तक संजय गांधी अस्पताल को बहाल नहीं किया जाता है। तब तक हम लोग इसी तरह शांतिपूर्ण तरीके से सत्याग्रह आंदोलन करते रहेंगे।