UK : डोईवाला विधायक को लॉ यूनिवर्सिटी वाली जमीन की जानकारी तक नहीं, फिर कैसी जिम्मेदारी? : मोहित उनियाल

- डोईवाला विधायक को जमीन की जानकारी नहीं, फिर कैसी जिम्मेदारी? : मोहित उनियाल
- राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय पर सरकार और विधायक दोनों कटघरे में -मोहित उनियाल
डोईवाला : परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने डोईवाला विधायक बृज भूषण गैरोला पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब विधायक को राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के लिए आवंटित जमीन की ही जानकारी नहीं है, तो वे क्षेत्र की जिम्मेदारी कैसे निभा रहे हैं। क्योंकि कल मौके पर विधायक ऋषिकेश उपजिलाधिकारी से जमीन की जानकारी मांग रहे थे।
उन्होंने कहा कि फरवरी माह में ही रेशम विभाग की जमीन का आवंटन सिंचाई विभाग को किया जा चुका था। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या क्षेत्रीय विधायक इस महत्वपूर्ण फैसले से पूरी तरह अनजान थे, या जानबूझकर चुप्पी साधे बैठे रहे।
उनियाल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है, और यदि क्षेत्रीय विधायक की सहमति के बिना ही ऐसे निर्णय लिए जा रहे हैं, तो यह विधायक की निष्क्रियता और कमजोर भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे विधायक होने या न होने में कोई फर्क नहीं रह जाता।
उन्होंने यह भी कहा कि विधायक द्वारा मुख्यमंत्री से की गई हालिया मुलाकात महज दिखावा है। यह कदम दो महीने पहले उठाया जाता, तो आज क्षेत्र को इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।
मोहित उनियाल ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय को पूर्व में आवंटित भूमि,भट्ट नगरी, लिस्ट्राबाद,रानीपोखरी में ही स्थापित किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता के साथ न्याय हो सके।उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।



