UP: ग्रेटर नॉएडा : महिलाओं की उद्योगों में भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता है: राष्ट्रपति


ग्रेटर नॉएडा : (राजेश बैरागी) मैंने उन्हें प्रथम बार साक्षात देखा। हालांकि राष्ट्रपति पद ग्रहण करने से पूर्व उन्होंने छः वर्ष (2015-2021) तक झारखंड के राज्यपाल पद को सुशोभित किया।वे पैंसठ वर्ष की एक जनजातीय महिला हैं परंतु उनके चेहरे पर एक साधारण बालिका जैसी मासूमियत आज भी विद्यमान है।
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू आज ग्रेटर नोएडा स्थित एक्सपो मार्ट में प्रथम यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन करने आयीं थीं। अपने संबोधन में उन्होंने लिखा हुआ भाषण पढ़ा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पिछले छः वर्षों में अभूतपूर्व रूप से विकास कर रहा है और भारत के एक राज्य के तौर पर सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था का ध्वजवाहक है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में अच्छा प्रशासन देने तथा औद्योगिक गतिविधियों को तेजी से बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उनके मंत्रीमंडल सहयोगियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें बताया गया है कि राज्य में 96 लाख एम एस एम ई उद्यमियों के साथ हस्तशिल्प उद्यमियों, कारीगरों को सरकार द्वारा प्रोत्साहन दिया जा रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि राज्य में महिला उद्यमियों की संख्या भी बढ़ रही है हालांकि उन्हें और बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का निर्यात वर्ष 2017-18 के मुकाबले दोगुना हो गया है और यहां से निर्यातित सामान जी-20 के देशों में जाता है।राष्ट्रपति ने प्रथम इंटरनेशनल ट्रेड शो आयोजित किए जाने को एक अच्छी शुरुआत बताया। अपने भाषण में राष्ट्रपति ने सात बार कहा कि ‘उन्हें बताया गया है कि’ और चार बार कहा कि ‘उन्हें विश्वास है कि’। उनसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत और उत्तर प्रदेश में तेजी से न केवल विकास हो रहा है बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर में भी बदलाव आ रहा है। उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा श्रम व उपभोक्ता बाजार है।इस प्रथम इंटरनेशनल ट्रेड शो के माध्यम से उत्तर प्रदेश के उत्पादकों तथा व्यापार को नयी दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम को उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर स्थानीय सांसद डॉ महेश शर्मा, विधायक तेजपाल नागर,ठा धीरेंद्र सिंह, नरेंद्र भाटी, श्रीचंद शर्मा, राज्य सरकार के तमाम आला अधिकारी, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा आदि उपस्थित थे। राष्ट्रपति के कार्यक्रम के दृष्टिगत कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा की स्थिति यह थी कि यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मयूर माहेश्वरी को भी अधिकारियों की दीर्घा तक जाने के लिए पुलिस को अपना पास दिखाना पड़ा। इसके साथ ही आज से पांच दिवसीय इंटरनेशनल ट्रेड शो का आगाज हो गया।