मुनि की रेती में कांग्रेस का तीव्र विरोध…दिल्ली में केदारनाथ धाम की शिला का भूमिपूजन करने के विरोध में
भाजपा सरकार ने पहले शराब की दुकानों की फ्रेंचाइजी बांटी और अब चार धाम मंदिरों की फ्रेंचाइजी बांटने का कृत्य कर रहे हैं : ओम गोपाल रावत

- पुष्कर सिंह धामी एवं भाजपा सरकार को दिल्ली में केदारनाथ मंदिर खोलने के निर्णय को शीघ्र वापस लेना चाहिए : उत्तम सिंह असवाल
मुनि की रेती : रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग/नरेंद्रनगर द्वारा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा केदारनाथ मंदिर का भूमि पूजन दिल्ली में करने के विरोध में राज्य सरकार की शव यात्रा निकालकर पुतला दहन किया गया।कांग्रेस जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा केदारनाथ मंदिर की शिला दिल्ली लेजा कर दिल्ली में भूमि पूजन कर दिल्ली में केदारनाथ मंदिर निर्माण करना हिंदू धर्म की आस्था के खिलाफ है।
भाजपा ने हिंदू धर्म का अपमान किया है। उत्तराखंड के चारों धामों में हिंदुओं की आस्था है. प्रत्येक वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन पुष्कर सिंह धामी सरकार ने सोची समझी साजिश के तहत चार धाम यात्रा को प्रभावित किया। यात्रियों को कुमाऊं में किसी विशेष आश्रम की तरफ भेज कर उत्तराखंड वासियों में क्षेत्रवाद की भावना को पैदा करने का कृत्य किया। जिसे देवभूमि उत्तराखंड का जनमानस सहन नहीं करेगा। पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने पहले शराब की दुकानों की फ्रेंचाइजी बांटी और अब चार धाम मंदिरों की फ्रेंचाइजी बांटने का कृत्य कर रहे हैं. भगवान भोलेनाथ इन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। भाजपा सरकार लगातार देश में हिंदुओं एवं हिंदू धर्म की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है। जिसके लिए देश की जनता ने पहले अयोध्या में, फिर बद्रीनाथ में सबक सिखाया और अब केदारनाथ की बारी है। (केदारनाथ में भी उपचुनाव होना है) यदि भाजपा में हिंदुओं के प्रति जरा भी संवेदनशीलता जिंदा है तो पुष्कर सिंह धामी एवं भाजपा सरकार को दिल्ली में केदारनाथ मंदिर खोलने के निर्णय को शीघ्र वापस लेना चाहिए।
वरिष्ठ नेता दिनेश व्यास एवं भास्कर गैरोला ने कहा कि भाजपा अपने आप को हिंदुओं की ठेकेदार बताती है, लेकिन हर जगह हिंदुओं का अपमान कर रही है।प्रदर्शन करने वालों में इस अवसर पर एडवोकेट अनिल रावत, सभासद अजय रमोला, सभासद विनोद सकलानी, सुरेंद्र कुलियाल वंदेमातरम, मनोज शर्मा, दिनेश व्यास, भास्कर गैरोला, नीतीश कंडारी, बलदेव भंडारी, सुरेंद्र भंडारी, सचिन सेलवान, दिलबीर रावत, अभिषेक भट्ट, नंदन टोड़रिया, शिवम भट्ट, प्रमिला बिजलवाण,तुषार पवार, सर्वेन्द्र कंडियाल,सचिन पोखरियाल, अभिशेक नेगी, पंकज भंडारी, कृष्णा पोखरियाल, प्रवेश रावत, पारस चमोली एवं विपुल सकलानी सहित कई कांग्रेस जन उपस्थित रहे।