यूपी : सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने बच्चों की खेल प्रतियोगिता में हुई बदइंतजामी की खोल कर रख दी पोल..जानिए
सुल्तानपुर में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का था आयोजन.. माल ढोने वाली गाड़ी से लाये और ले जाये गए मासूम बच्चे..

खबर उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से है जहाँ सरकारी स्कूल के बच्चों को माल ढोने वाली गाड़ी से ले जाने का एक वीडियो शोसल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी अनुसार खेल प्रतियोगता में 35 किमी दूर से जान हथेली पर रखकर मासूम लाए और ले जाए गए। लेकिन शिक्षा विभाग के अधिकारियों की आंख पर पट्टी बंधी रही। अब जब वीडियो सामने आया तो अधिकारी बयान देने से बच रहे हैं।
आपको बताते चलें सुल्तानपुर पुलिस लाइन में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। जिसमें अधिकतर ब्लॉकों के प्राथमिक और जूनियर स्कूल के सैकड़ों बच्चे हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसने प्रतियोगिता में हुई बदइंतजामी का भांडाफोड़ दिया। ठंड के मौसम में स्कूली बच्चों को ई-रिक्शे और डाले से ढोया गया।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ना इन बच्चों की सेहत की फिक्र थी ना सुरक्षा का ध्यान। जानकारी मिली है कि 35 किमी दूर इन बच्चों को कादीपुर अंतर्गत रायबिगो से ढोकर डाले से लाया गया था। सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि खुली गाड़ी से सुबह आए और शाम को लौटे बच्चों की हालत क्या हुई होगी।



