चमोली : औली में 2011 से स्नो मेकिंग मशीन बंद पड़ी है, UKD मिली DM से, दी चेतावनी

Ad
ख़बर शेयर करें -
चमोली : शुक्रवार को  उत्तराखण्ड क्रांति दल का एक शिष्टमंडल जिलाधिकारी चमोली से मिला। स्नो मेकिंग मशीन २०११ से बंद पड़ी है.  इसको लेकर UKD ने डीएम से मिलकर ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी है. केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण के मुताबिक़,  वर्ष 2011 में विकास खण्ड ज्योतिर्मठ के पर्यटन स्थल औली में राज्य सरकार द्वारा कृत्रिम बर्फ बनाने हेतु दुनिया की सबसे ऊँची कृत्रिम झीलों में से एक झील व 20 स्थिर व 04 मोबाईल स्नो गन लगभग 6.50 करोड़ की लागत पर लगाये गए थे, परंतु वर्तमान समय में कोई भी कार्य नहीं कर रहे हैं।      सजवाण ने कहा कि औली के दक्षिणमुखी ढलान देश दुनिया के स्कीयरों के लिए पहली पसंद रहे हैं। यही कारण है कि वर्ष 2010 में फिस द्वारा औली के 1300 मीटर लंबे ढलान को इंटरनेशनल मानकों में फिट घोषित कर इसे मान्यता दी थी।
इस ढलान में चेयरलिफ्ट सहित अन्य सभी सुविधाएं मौजूद हैं। जिससे खिलाड़ियों को स्की ढलान शुरू होने की जगह तक ले जाया जा सके। औली के अंतर्राष्ट्रीय स्कीइंग स्लोप में स्नो गन के माध्यम से यह मशीन आसानी से कृत्रिम बर्फ जितना चाहो बिछा सकती थी, लेकिन दुर्भाग्य इस बात का है कि मशीन 2011 में टेस्टिंग के बाद दुबारा नहीं चलाई गई। इस मशीन की देखरेख का जिम्मा गढ़वाल मंडल विकास निगम के पास है। गढ़वाल मंडल विकास निगम पूर्व में निरन्तर रूप से मशीनों के रख-रखाव हेतु पर्यटन विभाग से धनराशि लेता रहा है परंतु इनके द्वारा सम्पूर्ण धनराशि का दुरुपयोग किया गया व मशीनों को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया जो अपने आप में एक बड़े भ्रष्टाचार को दर्शाता है।          जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट ने कहा कि औली के इस विश्व विख्यात स्थल से विकास खण्ड ज्योतिर्मठ के लगभग 50 से ऊपर के गाँवों का रोजगार जुड़ा है परन्तु, गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के अधिकारियों की लापरवाही की वजह से आज सभी के रोजगार पर संकट गहरा गया है व करोड़ों की मसीने खराब हो रही हैं।         युवा महामंत्री धर्मेंद्र फ़र्श्वाण ने कहा कि स्थानीय व्यापारियों व स्थानीय लोगों द्वारा कई बार गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधिकारियों को स्नो मेकिंग मसीन का प्रयोग कर स्कीइंग स्लोप बनाने का अनुरोध किया गया परन्तु, अभी तक उनके द्वारा इसपर कोई कार्य नहीं की गई है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
साथ ही उत्तराखण्ड क्रांति दल स्पस्ट करता है कि यदि अतिशीघ्र उपरोक्त समस्याओं का निराकरण नहीं किया जाता है तो उक्रांद स्थानीय जनता के साथ मिलकर गढ़वाल मंडल विकास निगम औली के कार्यालय में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन करेगा व तत्पश्चात हम क्रमिक अनशन व भूख हड़ताल हेतु विवश होंगे।         जिलाधिकारी चमोली द्वारा इस मामले में उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया है।        इस अवसर पर सचिन, पुष्पा, अंकित आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

हिन्दी English