ऋषिकेश : नालंदा शिक्षण संस्थान के मेधावी छात्रों का राष्ट्रीय छात्रवृत्ति में चयन

ऋषिकेश : खदरी खड़कमाफ स्थित नालंदा शिक्षण संस्थान जूनियर हाई स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक उपलब्धियों से क्षेत्र का नाम रोशन किया है।इस वर्ष कक्षा 6 के छात्र आकाश जोशी एवं श्री कृष्ण का चयन मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति हेतु हुआ है। योजना के तहत चयनित छात्रों को कक्षा 6 से 8 तक क्रमशः प्रतिमाह ₹600, कक्षा 7 में ₹700 तथा कक्षा 8 में ₹800 की छात्रवृत्ति राशि राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी।इसी क्रम में राष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा 2025–26 के अंतर्गत कक्षा 6 एवं 8 की छात्रा कु. अंशिका, कु. शिखा तथा छात्र प्रियांशु नेगी का चयन राष्ट्रीय साधन सह मेधा छात्रवृत्ति योजना (एन.एम.एम.एस.एस.) के लिए हुआ है। इस योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9 से कक्षा 12 तक प्रतिवर्ष ₹12,000 की छात्रवृत्ति राशि आगामी शैक्षिक सत्र से प्राप्त होती रहेगी।
ग्रामीण एवं साधारण परिवेश में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की यह सफलता क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के मार्गदर्शक शिक्षक राजेश पयाल ने सभी चयनित छात्रों को हार्दिक बधाई दी तथा अन्य छात्र-छात्राओं को भी भविष्य की मेधावी परीक्षाओं में भाग लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।



