मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सल्ट विधायक महेश सिंह जीना ने भेंट किए उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी उत्पाद

- मुख्यमंत्री धामी बोले-औपचारिक भेंटों में स्थानीय उत्पादों को दें प्राथमिकता
- स्थानीय किसानों व SHG समूहों की आजीविका को बढ़ावा देने का संदेश
- ‘लोकल टू ग्लोबल’ मिशन को मजबूत बनाने पर मुख्यमंत्री का जोर
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में सल्ट क्षेत्र के विधायक महेश सिंह जीना ने शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान विधायक जीना ने मुख्यमंत्री को उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक पारंपरिक पहाड़ी उत्पाद भेंट किए, जिनमें प्रमुख रूप से स्थानीय पहाड़ी सब्जी, जैविक कृषि उत्पाद एवं पहाड़ में निर्मित प्राकृतिक खाद्य सामग्री शामिल थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक जीना की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि पहाड़ी उत्पाद न केवल उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं, बल्कि प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में रहने वाले किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उत्पादकों की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों के उपयोग और प्रोत्साहन से पहाड़ की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलती है।



