यूपी : गणतंन्त्र दिवस राष्ट्रीय पर्व सुल्तानपुर जिले में गरिमापूर्ण,हर्षोंल्लास एवं रंगारंग कार्यक्रम के साथ मनाया गया..जानिए..
पुलिस लाइन में पुलिस परेड तथा स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा मुख्य आकर्षण..

सुलतानपुर/जिले में 75वां गणतंन्त्र दिवस राष्ट्रीय पर्व गत वर्ष की भांति गरिमापूर्ण ढ़ंग से, हर्षोंल्लास एवं सादगी के साथ मनाया गया,जिसमें ध्वजारोहण, राष्ट्रगान,संविधान में उल्लिखित संकल्प,महापुरूषों/महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण,स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी,सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल कूद,वाद विवाद,पुलिस लाइन में परेड सहित अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना द्वारा पुलिस लाइन में ध्वजारोहण,सलामी के पश्चात पुलिस परेड निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित स्कूली बच्चों का भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहा।जिलाधिकारी द्वारा प्रातः 8ः15 बजे स्वतंत्रता सेनानी डॉ0 राम मनोहर लोहिया,स्वतंत्रता सेनानी चन्द्र शेखर आजाद के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। तत्पश्चात जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट परिवार के साथ परिसर में ध्वजारोहण कर संविधान संकल्प व राष्ट्रगान का पाठ किया गया। तत्पश्चात सभाकक्ष में जिलाधिकारी द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी व संविधान निर्माता डॉ0 भीमराव अम्बेडकर जी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलन किया गया।
जिलाधिकारी द्वारा पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउण्ड में सलामी तथा पुलिस परेड का निरीक्षण किया गया। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा द्वारा परेड ग्राउण्ड में उपस्थित अधिकारियों/आम जनमानस को संविधान के प्रस्तावना का संकल्प दिलाया गया। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से शांति का प्रतीक कबूतर छोड़े गये। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मतदाता दिवस के अवसर पर हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों,रंगोली, भाषण, निबन्ध, खेल कूद, प्रतिभागियों के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी महोदया ने अपने सम्बोधन में 75 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी जनपद वासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन उन स्वतंत्रता सेनानियो व संविधान निर्माताओं को याद करने का दिन है जिनके अथक परिश्रम व बलिदान से लंबे विदेशी शासन से मुक्ति पाकर हम गणतंत्र के रूप में स्थापित हुए। संविधान के लागू होने के दिन से लेकर आज तक हमारी यात्रा अद्भुत रही है और इससे कई अन्न देशों को प्रेरणा भी मिली है आज हम एक मजबूत लोकतंत्र के रूप में विश्व पटल पर अपनी पहचान बना सके हैं ऐसे में तमाम विविधताओं के वावजूद हम सब एक है।उन्होंने कहा कि हमारे देश की एक विशेषता यह भी है कि इसकी स्वाधीनता एवं संविधान की स्थापना दोनो ही लोकतांत्रिक तरीके से स्थापित हुई है। जहां स्वाधीनता उन स्वतंत्रता सेनानियों ,शहीदों के लंबे संघर्ष का परिणाम रही है, तो वहीं संविधान की स्थापना, संविधान सभा के उन महापुरूषों के अथक् चर्चा एवं विमर्श का परिणाम है, हम प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस को एक उत्सव के रूप में मनाते है, क्योंकि हम अपनी युवा पीढ़ी को भारत के उस गौरवशाली अतीत व संघर्षों का स्मरण करा सकें, जिससे वे भविष्य में आने वाली कठिनाइयों का सामना मजबूती से कर सकें।
उन्होंने कहा कि पावन पर्व के अवसर पर मैं यह भी बताना चाहती हूं कि इस वर्ष भारत ने कई विशिष्ट उपलब्धियॉ हासिल की है। इस साल भारत ने चॉद से लेकर सूरज तक अपना झंडा बुलंद किया है, चन्द्रयान-3 के सफल लॉचिंग के बाद भारत विश्व पटल पर अपनी एक अलग पहचान स्थापित कर दुनिया भर में अपने नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवाया है। इस वर्ष भारत ने दुनिया में सबसे तेज 5 जी रोल आउट का रिकार्ड बनाया है। इस वर्ष भारत ने दुनिया का सबसे बड़ा मेडिटेशन सेन्टर स्वर्वेद महामन्दिर का उदघाटन वनारस में किया है। इसी प्रकार भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था का रिकार्ड भी बनाया है। जनपद में कानून व्यवस्था की स्थिति को और अधिक बेहतर बनाने तथा अपराधियों के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति का अनुपालन किया जा रहा है। जनपद में अपराधियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही व जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। वुमेन पावर हेल्प लाइन 1090, जी.आर.पी. फायर सर्विस महिला हेल्पलाइन 181 आदि सेवाओं के माध्यम से आम जनमानस को काफी सहूलियत हुई है। यहां मैं यह भी बताना चाहती हँू कि उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समित-2023 के अन्तर्गत जनपद में 22 विभागों के अन्तर्गत कुल-551 एमओयू हस्ताक्षरित किये गये हैं, जिसमें से अब तक 127 एमओयू जी.बी.सी. के लिये तैयार हैं, जिसका निवेश रू839.13 करोड़ एवं कुल रोजगार 5,957 है। जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद में 2,66,308 पेयजल कनेक्शन परिवारों को दिये गये हैं।
उन्होंने कहा कि मुझे यह बताते हुए बेहद हर्ष हो रहा है कि अभी हाल ही में हम सभी ने अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा होते देखा है जो एक लंबे संघर्ष का परिणाम रहा है,उन्हीं मर्यादा पुरूषोत्तम राम के पुत्र महाराज कुश के वंशजों द्वारा स्थापित छोटा सा नगर ऐतिहासिक रूप से लगभग पांच हजार वर्षों की लंबी यात्रा के बाद आज जिस स्वरूप में हमें दिखाई दे रहा है। यह भी उन स्वतंत्रता सेनानियो,शहीदों के अथक परिश्रम का परिणाम है।
राष्ट्रीय पर्व पर पुलिस लाइन में नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्रा/छात्राओं द्वारा 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश भक्ति गीत सहित अन्य रंगारंग कार्यक्रम, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगो को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ पत्रकार अनिल द्विवेदी द्वारा किया गया। उन्होंने समय-समय पर सभी का उत्साहवर्धन करते रहे।