पिथौरागढ़ : UKBOCW की वेबसाइट अस्थायी रूप से बंद – सुरक्षा ऑडिट के चलते सेवाएँ रहेंगी स्थगित

पिथौरागढ़ : सहायक श्रम आयुक्त (ALC), पिथौरागढ़ सुनील तिवारी ने अवगत कराया है कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) की आधिकारिक वेबसाइट पर वर्तमान में सुरक्षा ऑडिट (Security Audit) की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।उक्त सुरक्षा ऑडिट के दृष्टिगत दिनांक 09 फरवरी 2026 से ऑडिट पूर्ण होने तक UKBOCW की वेबसाइट को अस्थायी रूप से बंद रखा गया है। इस प्रक्रिया में लगभग 05 (पाँच) दिवस का समय लग सकता है।
वेबसाइट बंद रहने की अवधि के दौरान निम्नलिखित सेवाएँ अस्थायी रूप से स्थगित रहेंगी-
– नवीन श्रमिक कार्ड हेतु आवेदन
– श्रमिक कार्ड नवीनीकरण (Renewal)
– लाभार्थी (Beneficiary) योजनाओं से संबंधित समस्त आवेदन
– ऑनलाइन आवेदनों की जाँच, स्वीकृति एवं निस्तारण की प्रक्रिया
यह स्पष्ट किया जाता है कि उपर्युक्त अवधि में कोई भी श्रमिक कार्ड, नवीनीकरण अथवा लाभार्थी से संबंधित आवेदन न तो प्राप्त किया जाएगा और न ही प्रोसेस किया जाएगा।सुरक्षा ऑडिट पूर्ण होने के पश्चात वेबसाइट को पुनः सुचारु किया जाएगा, जिसकी सूचना आमजन एवं संबंधित हितधारकों को पृथक से प्रदान की जाएगी।



