पिथौरागढ़ : मुनस्यारी पहुँच डीएम ने नन्दा देवी मंदिर परिसर में बी.आर.आई.डी.सी.यू.एल. (BRIDCUL) द्वारा कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया


पिथौरागढ़ : एम.बी.ए.डी.पी. (MBADP) के अंतर्गत मुनस्यारी स्थित नन्दा देवी मंदिर परिसर में बी.आर.आई.डी.सी.यू.एल. (BRIDCUL) द्वारा कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण आज जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने मौके पर जाकर किया। जिलाधिकारी ने नन्दा देवी के दर्शन किए और मन्दिर परिसर के अद्भुत वातावरण की प्रशंसा की और पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु मंदिर समिति के सदस्यों और अधिकारियों संग व्यापक चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर समिति के अध्यक्ष देव सिंह पापरा एवं अन्य सदस्यों से भेंट की। उन्होंने समिति द्वारा दिए गए सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना तथा अधिकारियों को मंदिर समिति के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों को गति प्रदान करने हेतु समिति से सहयोग की अपील भी की।जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्यों के दौरान आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने मंदिर परिसर को चारों ओर से फेंसिंग कराने तथा परिसर में खानपान हेतु एक रेस्टोरेंट बनाने एवं सौंदर्यकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कल ही मंदिर समिति के साथ बैठक कर आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी ने मुनस्यारी में निर्मित हो रहे पार्किंग स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि पार्किंग बनने से नगर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय जनता को भी पार्किंग संबंधी समस्याओं से निजात मिलेगा।इस अवसर पर परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा, उपजिलाधिकारी मुनस्यारी खुशबू पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।