ऋषिकेश : IDPL GIC में राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता हेतु एक विशेष शिविर का आयोजन

ऋषिकेश : पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र, ऋषिकेश में आज राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता हेतु एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) एवं तहसील विधिक सेवा समिति के सचिव, न्यायमूर्ति अभिषेक मिश्रा जी ने छात्रों को मानवाधिकारों, कर्तव्यों और विधिक जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं।
न्यायमूर्ति अभिषेक मिश्रा जी ने कहा कि भारत एक स्वतंत्र राष्ट्र है, जहाँ प्रत्येक नागरिक को संविधान द्वारा प्रदत्त मूल अधिकार प्राप्त हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि कानून की विभिन्न धाराएँ समाज के लिए एक सुरक्षा कवच का कार्य करती हैं, और यदि किसी व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार का शोषण होता है, तो वह न्यायालय की शरण लेकर न्याय प्राप्त कर सकता है। पोक्सो एक्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह कानून उन बच्चों की सुरक्षा के लिए बनाया गया है, जो किसी भी प्रकार के शारीरिक शोषण का शिकार होते हैं। इस अधिनियम के तहत शिकायत दर्ज होने पर दोषियों को कठोर दंड का प्रावधान है। साथ ही उन्होंने सड़क सुरक्षा की बात करते हुए कहा कि दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट, ट्रैफिक नियम तथा सड़क सुरक्षा उपायों का पालन प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव लोचन सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विधिक जागरूकता भी आज की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से न्यायमूर्ति अभिषेक मिश्रा जी का हार्दिक धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में प्राविधिक कार्यकर्ता मनोरमा रावत, मीनाक्षी कपरुवान, ममता रमोला, बिमला नौटियाल, कोर्ट स्टाफ राम सिंह कैंतूरा सहित विद्यालय की ओर से वरिष्ठ प्रवक्ता वीरपाल सिंह रावत, नरेंद्र सिंह रावत (कार्यक्रम अधिकारी – राष्ट्रीय सेवा योजना), सुरेश बलोदी, मीडिया प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता, सुनीता पवार, मोनिका रौतेला, ज्योति किरण लोहानी, रेखा पवार, ललित मोहन जोशी, दिवाकर नेथानी, सुशील सैनी सहित समस्त विद्यालय परिवार की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।



