ऋषिकेश : चारधाम यात्रा 2026 के दृष्टिगत नटराज चौक से योगनगरी तक अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही हुई

ऋषिकेश : चारधाम यात्रा 2026 के सफल एवं सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा नटराज चौक से योगनगरी तक मार्ग पर व्यापक अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई।यह कार्यवाही तीर्थयात्रियों की सुविधा, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने तथा आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध संचालन को ध्यान में रखते हुए की गई।

अभियान के दौरान प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, विभागों की संयुक्त टीम द्वारा सड़क किनारे किए गए अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। साथ ही व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से सहयोग करने हेतु प्रेरित किया गया।कार्यवाही के दौरान अवैध रूप से लगाए गए ठेले, खोखे, अस्थायी दुकानें, अवैध निर्माण एवं अन्य बाधाओं को हटाया गया, जिससे मार्ग पूरी तरह से यातायात हेतु सुगम बनाया जा सका।जिला प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने आमजन एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण न करें तथा प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखें, ताकि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफल बनाया जा सके। इस दौरान, मुख्य नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, SDM योगेश मेहरा, CO समेत पुलिस के अधिकारी व् निगम कर्मचारी रहे मौजूद.




