ऋषिकेश : खांड गांव में भव्य विराट हिन्दू सम्मलेन का आयोजन, उमड़ा जनसैलाब

- खांड गांव में गूंजा एकता का संदेश, भव्य विराट हिंदू सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब
- समभाव, ‘कुटुंब प्रबोधन’ और ‘पर्यावरण संरक्षण’ ही असली हिंदू दर्शन का विराट स्वरूप : दिनेश प्रसाद सेमवाल
- मुख्य अतिथि बाल व्यास वैदेही नंदन पंडित वेदांत महाराज तथा महिला वक्ता के रूप में प्रोफेसर (मनोविज्ञान विभाग) डॉ. रश्मि त्यागी रावत
- आरएसएस के १०० वर्ष पूर्ण होने पर हमें प्रेरणा लेनी चाहिए और संघ के बताये मार्ग पर चलना चाहिए :अनिता ममगाईं

मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित करते हुए
ऋषिकेश : तीर्थनगरी ऋषिकेश के खांड गांव में शनिवार को श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ भव्य विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया।शनिवार को खांड गांव में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिला प्रतिनिधियों, युवाओं तथा विभिन्न हिंदू संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया। आयोजन को लेकर क्षेत्र में पूर्व से ही विशेष उत्साह का वातावरण बना हुआ था।सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। पूरे परिसर में धार्मिक नारों, जयघोष और भक्ति गीतों की मधुर ध्वनि गूंज रही थी। आयोजन स्थल को भगवा ध्वजों, आकर्षक पुष्प सज्जा और धार्मिक प्रतीकों से सुसज्जित किया गया था, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और भी निखर उठी।

सम्मेलन का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंचासीन संत-महात्माओं एवं अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तराखंड प्रांत कार्यवाह दिनेश प्रसाद सेमवाल ने समाज को संगठित और सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती सामाजिक कुरीतियों, विघटनकारी प्रवृत्तियों और नैतिक पतन को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास अनिवार्य हैं। युवाओं से आह्वान करते हुए उन्होंने राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी की अपील की।उन्होंने हिंदू दर्शन के विराट स्वरूप का उल्लेख करते हुए ‘समभाव’, ‘कुटुंब प्रबोधन’ और ‘पर्यावरण संरक्षण’ जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला।





